अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:
सिगरा थाना क्षेत्र में एक युवक की बेरहमी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोस्तों ने पहले युवक को शराब पिलाई और इसके बाद उसकी हत्या कर शव के पांच टुकड़े कर दिए। शव को बोरे में भरकर नाले के किनारे गोबर के ढेर में दबा दिया गया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, युवक 6 अगस्त की रात से लापता था। परिजन उसकी तलाश में लगातार दर-दर भटकते रहे। परिजनों का आरोप है कि काफी प्रयास के बावजूद पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज नहीं की। परिजनों की शिकायत के बाद 17 अगस्त को गुमशुदगी दर्ज की गई।
शुक्रवार रात पुलिस को युवक का सड़ा-गला शव नाले के किनारे गोबर के ढेर से बरामद हुआ। शव के गले पर गहरे चोट के निशान मिले, जबकि शरीर पर भी चोट के निशान पाए गए। पुलिस के अनुसार, शव पांच टुकड़ों में था और उसे बोरे में रखा गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान तीन संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ कर हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
