पेड़ के नीचे मिले 20 साल पुराने पांच बम, आर्मी टीम ने एक संदिग्ध बम किया निष्क्रिय | New India Times

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2026/08/VID-20260822-WA0200.mp4
New India times

सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बमोरी बीका में शुक्रवार दोपहर एक पेड़ के नीचे करीब 20 साल पुराने पांच बमों के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और आर्मी की डिस्पोजल एक्सपर्ट टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान चार बम पहले से निष्क्रिय पाए गए, जबकि एक संदिग्ध बम में विस्फोटक होने की आशंका जताई गई। आर्मी टीम ने उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे ग्राम बमोरी बीका के सरपंच ने सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ठाकुर को सूचना दी कि गांव के पास एक पेड़ के नीचे बम जैसी पांच वस्तुएं पड़ी हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आर्मी यूनिट को इसकी जानकारी दी गई।

इसके बाद आर्मी की डिस्पोजल एक्सपर्ट टीम ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर वस्तुओं की जांच की। जांच में सामने आया कि ये पुराने बमों की कैप/अवशेष थे। टीम के अनुसार, इनमें से चार पहले ही निष्क्रिय थे, जबकि एक वस्तु संदिग्ध थी और उसमें विस्फोटक होने की आशंका थी। आर्मी टीम ने संदिग्ध बम को भी सुरक्षित तरीके से डिस्पोज कर दिया।

थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि यह क्षेत्र फायरिंग रेंज के पास है। फायरिंग के दौरान बचे पुराने एम्युनिशन या उसके अवशेष कई बार आसपास के क्षेत्र में मिल जाते हैं। करीब डेढ़ महीने पहले भी इसी तरह का पुराना एम्युनिशन मिला था। उन्होंने बताया कि यह नया एम्युनिशन नहीं है और सामान्य परिस्थितियों में इनमें विस्फोट की संभावना बेहद कम होती है, क्योंकि इनका मैकेनिज्म सुरक्षित होता है। हालांकि, सुरक्षा की दृष्टि से संदिग्ध बम को विशेषज्ञों की मौजूदगी में निष्क्रिय कर दिया गया।

बमों को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय किए जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version