मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

ककरा स्थित निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय भवन में 24 अगस्त, सोमवार से नगर निगम कार्यालय का संचालन शुरू होगा। शुक्रवार को जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी के साथ भवन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन के भूतल एवं प्रथम तल पर बने विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। अधिकांश कक्षों का निर्माण कार्य लगभग पूरा पाया गया। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि 24 अगस्त से नए भवन में नगर निगम कार्यालय का संचालन हर हाल में शुरू कराया जाए।
जिलाधिकारी ने शाहजहांपुर विकास प्राधिकरण (शाहप्रा) कार्यालय का संचालन भी इसी भवन से कराने के निर्देश दिए। इससे आमजन को नगर निगम और विकास प्राधिकरण से संबंधित सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने नए भवन में जनसुनवाई शुरू कराने के साथ अधिकारियों को नियमित रूप से बैठकर जनसमस्याओं का प्रभावी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था से कहा कि भवन का निर्माण निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जाए। उन्होंने अर्बन हाट और ऑडिटोरियम का निर्माण अक्टूबर तक पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने शहर में निर्माणाधीन नक्षत्रशाला, प्लैनेटोरियम और कार पार्किंग परियोजनाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के अभियंताओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाकर परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं के समय से पूरा होने से शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और शाहजहांपुर के शहरी विकास को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त अजय कुमार त्रिपाठी, एसके सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के अभियंता मौजूद रहे।

