मुख्य सड़क पर क्रेन खड़ी कर दो घंटे लगाया जाम, ज़िम्मेदार बेख़बर | New India Times

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

गुरुवार शाम करीब दो घंटे तक सोनी पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर स्थित सोधिया बिल्डिंग की तीसरी मंजिल की छत पर चद्दर और पाइप चढ़ाने के लिए क्रेन का उपयोग किया गया। इस दौरान सड़क पर क्रेन खड़ी कर बेरोकटोक चद्दर और पाइप छत पर पहुंचाने का काम चलता रहा। इससे सड़क के दोनों ओर बार-बार दोपहिया और चारपहिया वाहनों का जाम लगता रहा और बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रही।

बताया गया कि बिना अनुमति के सड़क पर क्रेन खड़ी कर आवागमन बाधित किया गया। मकान मालिक द्वारा क्रेन की मदद से पाइप और चद्दर छत पर पहुंचाए जा रहे थे। इसी दौरान स्कूलों की छुट्टी का समय होने के कारण सड़क पर भीड़ और वाहनों की संख्या अधिक थी। इसके बावजूद लोग क्रेन के नीचे से अपने वाहन निकालते नजर आए।

सुरक्षा के लिहाज से मौके पर न तो कोई संकेतक लगाया गया था और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। ऐसे में कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी हुई थी।

नगर में आए दिन लोगों की सुविधा और सुरक्षा की अनदेखी कर इस तरह सड़क पर आवागमन बाधित किए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। नगर के कई स्थानों पर बीच सड़क पर गिट्टी और मुरम के ढेर भी देखे जा सकते हैं। मकानों के लेंटर आदि के कार्य के दौरान भी कई बार बिना अनुमति और सूचना के सड़क को बाधित कर दिया जाता है।

इन घटनाओं के बावजूद नगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इस संबंध में नगरपालिका सीएमओ मनोहर बिझवार ने कहा कि बिना अनुमति के इस तरह सड़क पर आवागमन बाधित नहीं किया जा सकता। संबंधित मकान मालिक को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, थाना प्रभारी हरिराम मानकर ने बताया कि सूचना मिलने पर जाम खुलवाने के लिए पुलिस टीम भेजी गई थी। हालांकि, इसके बावजूद मकान मालिक द्वारा सड़क पर क्रेन लगाकर चद्दर और पाइप छत तक पहुंचाने का काम जारी रखा गया। इससे वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version