पेंच-कन्हान की समस्याओं को लेकर CMD से मिले विधायक, मांग-पत्र सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

पेंच-कन्हान की समस्याओं को लेकर CMD से मिले विधायक, मांग-पत्र सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग | New India Times

वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) डॉ. हेमंत शरद पांडे के पेंच-कन्हान क्षेत्र के दौरे के दौरान जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके एवं परासिया विधायक ने कन्हान क्षेत्र के डायरेक्टर बंगले में उनसे मुलाकात की। इस दौरान दोनों विधायकों ने क्षेत्र की कोयला खदानों, कामगारों और स्थानीय नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की।
जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके ने कन्हान क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर CMD को मांग-पत्र सौंपा और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबित समस्याओं का सीधा असर कोयला कामगारों, उनके परिवारों और आम नागरिकों पर पड़ रहा है।
मांग-पत्र में कन्हान क्षेत्र में स्थायी क्षेत्रीय महाप्रबंधक की नियुक्ति, बंद एवं प्रस्तावित खदानों को लेकर प्रभावी पहल, नई खदानों के संचालन तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग प्रमुखता से रखी गई। इसके अलावा क्षेत्रीय चिकित्सालय में पर्याप्त चिकित्सक, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति, दवाइयों और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
विधायक ने कन्हान वैली स्कूल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अस्पताल और स्कूल के बेहतर संचालन के लिए सक्षम निजी संस्था को जिम्मेदारी सौंपने की मांग भी रखी।
इसके अलावा दातला स्थित डायरेक्टर बंगले के सामने की भूमि तथा जुन्नारदेव के वार्ड क्रमांक 14 एवं 15 के बीच स्थित माजरी की भूमि पर इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम निर्माण के लिए आवश्यक अनुमति देने की मांग की गई। पेंच-कन्हान एवं पाथरखेड़ा क्षेत्र के कामगारों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए छिंदवाड़ा एवं परासिया के उपयुक्त अस्पतालों को मेडिकल पैनल में शामिल करने का मुद्दा भी उठाया गया।
विधायक उईके ने बताया कि वर्ष 2020 में पूर्व में सौंपे गए सात सूत्रीय मांग-पत्र के बावजूद कई महत्वपूर्ण समस्याओं का अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने लंबित मांगों पर हुई पूर्व कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की जानकारी देने के साथ ही ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर पेंच क्षेत्र के महाप्रबंधक विकास अग्रवाल सहित कन्हान एवं पेंच क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विधायकों ने उम्मीद जताई कि CMD समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करेंगे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version