मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
हुदा पब्लिक स्कूल, हमीदपुरा, बुरहानपुर में बेनज़ीर अकैडमी के तत्वावधान में ज़िले के युवा लेखक, मास्टर मोहम्मद अमीन अंसारी के सपूत हारिस अंसारी बुरहानपुरी के उपन्यास ‘नन्ही महबूबा’ के विमोचन समारोह, शिक्षाविद, प्रसिद्ध शायर एवं साहित्यकार प्रो.ज़की अनवर (प्रो. स्वामी विवेकानंद कॉलेज) की अध्यक्षता में शासकीय कॉलेज बुरहानपुर में पदस्थ प्रोफ़ेसर मोहम्मद रफ़ीक़ अंसारी के शुभ हाथों से संपन्न हुआ।इस अवसर पर उपन्यास के लेखक हारिस अंसारी का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन मास्टर ज़मीर अतहर ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुज़म्मिल अहमद अंसारी ने कहा कि ‘नन्ही महबूबा’ केवल एक उपन्यास नहीं, बल्कि समाज की एक गंभीर सच्चाई को सामने लाने वाली रचना है।
तनवीर रज़ा बरकाती चेयरमैन दारूस्सुरूर सोसाइटी के चेयरमैन तनवीर रज़ा बरकाती ने कहा कि कम उम्र के बच्चों में बढ़ते प्रेमप्रसंग आज गंभीर सामाजिक समस्या बनते जा रहे हैं। अभिभावकों की छोटी-छोटी लापरवाहियां भविष्य में गंभीर परिणाम पैदा कर सकती हैं। उन्होंने बच्चों की उचित परवरिश, मार्गदर्शन और निगरानी पर जोर दिया।
लेखक हारिस अंसारी ने कहा कि उपन्यास लिखने का उद्देश्य केवल कहानी प्रस्तुत करना नहीं, बल्कि समाज में तेज़ी से बढ़ रही इस संवेदनशील समस्या के प्रति अभिभावकों और युवा पीढ़ी को जागरूक करना है।
अध्यक्षीय संबोधन में प्रो. ज़की अनवर ने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक समस्याओं पर गंभीर और सुधारात्मक साहित्य की आवश्यकता है। ‘नन्ही महबूबा’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
समारोह में सेवा सदन महाविद्यालय बुरहानपुर के प्रोफ़ेसर डॉ. अल्ताफ अंसारी, आरिफ अंसारी, एडवोकेट एहतिशाम आतिफ, इमरान अंसारी, मास्टर उबैदुर्रहमान, मास्टर हाज़िक हुसैन, मास्टर अनीस अंसारी, सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में परवाना बुरहानपुरी ने सभी अतिथियों एवं साहित्यप्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
