मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत पालाचौराई निवासी गरीब आदिवासी महिला इंदु कावड़े के पति गोपी कावड़े पिछले एक महीने से लापता हैं। वे रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे और वापसी के दौरान 16 जुलाई 2026 को कल्याण रेलवे स्टेशन से अचानक लापता हो गए। इसके बाद से उनका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
पीड़ित महिला की परेशानी और परिवार की स्थिति को देखते हुए मानवाधिकार परिषद छिंदवाड़ा के जिला अध्यक्ष एवं समाजसेवी संजय विश्वकर्मा ने मदद के लिए आगे आते हुए प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू कराई। सूचना मिलने पर उन्होंने पीड़िता से संपर्क किया और हरसंभव प्रशासनिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
समाजसेवी संजय विश्वकर्मा पीड़ित महिला को साथ लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (एसपी) और छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू के कार्यालय में पहुंचकर मामले से संबंधित आवेदन सौंपे। सांसद कार्यालय में उनके पीए सोलंकी से मुलाकात कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद कार्यालय की ओर से डीआईजी को पत्र भेजकर लापता गोपी कावड़े की तलाश के लिए त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।
पीड़िता इंदु कावड़े ने बताया कि उनके पति रोजगार की तलाश में मुंबई गए थे। 16 जुलाई को कल्याण रेलवे स्टेशन से उनके लापता होने के बाद से परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
मानवाधिकार परिषद के जिला अध्यक्ष संजय विश्वकर्मा ने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और मीडिया से भी इस पीड़ित आदिवासी परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की है, ताकि लापता गोपी कावड़े की तलाश में मदद मिल सके और परिवार को राहत मिल सके।
