मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना जैतीपुर पुलिस ने लूट की घटनाओं में वांछित चल रहे ₹10 हजार के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूट का मोबाइल फोन, पाजेब, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भंवरे दीक्षा के अनुसार, 16 अगस्त की रात जैतीपुर पुलिस मरुआझाला पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुआंडांडा की ओर से मोटरसाइकिल सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों ने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस के रोकने का प्रयास करने पर आरोप है कि बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। उसकी पहचान चंदन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मोहल्ला अजीजगंज, थाना कोतवाली, शाहजहांपुर के रूप में हुई। उसका साथी शिवम अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने चंदन के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की पैशन प्रो मोटरसाइकिल, वीवो मोबाइल फोन, ₹2,040 नकद तथा सफेद धातु की एक जोड़ी पाजेब बरामद होने की जानकारी दी है।
कई जिलों में लूट की घटनाओं में शामिल होने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में चंदन ने अपने साथियों मोहित, सचिन और शिवम के साथ मिलकर 17 जुलाई की रात जैतीपुर-नवादा मोड़ के बीच हनुमान मंदिर से आगे एक दंपत्ति के साथ लूट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि लूट में मिले सामान को बेचकर रकम आपस में बांट ली गई थी, जबकि पाजेब की एक जोड़ी चंदन ने अपने पास रख ली थी।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्त ने फतेहगंज पूर्वी, कासगंज, कम्पिल और एटा क्षेत्र में भी लूट की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। उसके साथी मोहित और सचिन को एटा के थाना कोतवाली देहात पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने की भी जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस के अनुसार, चंदन के खिलाफ शाहजहांपुर समेत विभिन्न जनपदों में 27 मुकदमे दर्ज हैं। जैतीपुर थाने में उसके खिलाफ लूट और पुलिस मुठभेड़ से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने घायल अभियुक्त को उपचार के बाद नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार साथी शिवम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रामेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक इतेश तोमर, हेड कांस्टेबल अजय राना, हेड कांस्टेबल तैय्यब अली, कांस्टेबल नवीन कुमार, अंकुर कुमार, अरविंद कुमार, भानू और विजय शामिल रहे।
