मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

थाना पुवायां क्षेत्र के मुड़िया कुर्मियात गांव में सोमवार सुबह कच्चे मकान की दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। पड़ोसी के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिरने से अरविंद का मकान भी मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में कमरे में सो रहे चाचा-भतीजे की मौत हो गई, जबकि भतीजे की मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी अरविंद ई-रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वह पत्नी काजल, तीन वर्षीय इकलौते बेटे आरव और 25 वर्षीय छोटे भाई राजन के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह करीब नौ बजे राजन और आरव कमरे में सो रहे थे, जबकि काजल मकान के दूसरे हिस्से में थीं।
इसी दौरान पड़ोसी राजाराम के कच्चे मकान की दीवार अचानक अरविंद के मकान के लेंटर पर जा गिरी। दीवार का भार मकान नहीं सह सका और पूरा मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में राजन, आरव और काजल दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आरके रावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक 25 वर्षीय राजन और तीन वर्षीय आरव की मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल काजल को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
एक ही परिवार में चाचा-भतीजे की मौत से गांव में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और मकान की स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
