वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय (वाईडीसी) में स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित ‘आनंदी माँ-एक जीवन बचाओ अभियान’ के तहत ‘कैंसर मुक्त भारत यात्रा 2026-27’ के अंतर्गत एक दिवसीय एचपीवी जागरूकता सेमिनार एवं रैली का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करना है।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. हेमन्त पाल ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर से होने वाली मौतें चिंताजनक हैं। उन्होंने छात्राओं से समय पर एचपीवी टीकाकरण कराने तथा परिवार की अन्य महिलाओं को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता डॉ. सृजाम्या शाण्डिल्य ने एचपीवी संक्रमण और सर्वाइकल कैंसर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर के अधिकांश मामले एचपीवी संक्रमण से जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि किशोरियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच इस बीमारी की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम संयोजक प्रो. ज्योति पन्त ने छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन जागरूकता की शपथ दिलाई। सेमिनार के बाद प्राचार्य प्रो. हेमन्त पाल ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से छात्राओं ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव और एचपीवी टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में प्रो. नीलम त्रिवेदी, प्रो. नूतन सिंह, प्रो. विशाल द्विवेदी, प्रो. सुभाष चन्द्रा, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सौरभ वर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।
