अहमद रज़ा, चुनार/मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चुनार कोतवाली परिसर में गरिमामयी एवं भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह पटेल ने ससम्मान ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने राष्ट्रगान गाकर भारत माता एवं अमर शहीदों को नमन किया।

ध्वजारोहण के उपरांत थाना प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह पटेल ने उपस्थित अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और नागरिकों को संबोधित करते हुए देश की संप्रभुता तथा संविधान के आदर्शों की रक्षा का संकल्प दिलाया।
उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि हम भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने तथा उसके सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से गूंज उठा। थाना प्रभारी ने क्षेत्र में शांति, सुरक्षा, सौहार्द और कानून-व्यवस्था को दृढ़ता से बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कोतवाली के समस्त उपनिरीक्षक, पुलिसकर्मी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
