गणेश मौर्य, ब्यूरो चीफ, अंबेडकर नगर (यूपी), NIT:

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अकबरपुर नगर पालिका परिषद कार्यालय में गरिमामय एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने निर्धारित समय के अनुसार विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
समारोह को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों एवं महापुरुषों को नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश व समाज के विकास में सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
अध्यक्ष ने नगर के समग्र विकास और स्वच्छता को प्राथमिकता बताते हुए पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से आपसी सहयोग के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और विकसित अकबरपुर के निर्माण के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, विभिन्न वार्डों के सभासद, अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
