सद्दाम हुसैन, ब्यूरो चीफ, लखनऊ (यूपी), NIT:

गोसाईगंज थाना क्षेत्र में जनसेवा केंद्र संचालक से हुई लूट की घटना का दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल और गोसाईगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 1.50 लाख रुपये नकद, आईफोन 12 प्रो, ओप्पो एफ-33 मोबाइल फोन, वादी के आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और लकड़ी का डंडा भी पुलिस ने बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, 6 अगस्त 2026 को महुराखुर्द निवासी राहुल कुमार मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और डंडे से हमला कर उनका बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में नकदी के साथ जरूरी दस्तावेज भी रखे थे। मामले में 8 अगस्त 2026 को थाना गोसाईगंज में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देश पर पांच टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस सेल को भी जांच में लगाया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 150 से 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने 14 अगस्त की रात चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए लूट की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, शुभम को जानकारी थी कि राहुल कुमार जनसेवा केंद्र चलाते हैं और रात में दुकान बंद करने के बाद नकदी लेकर अकेले घर जाते हैं। इसके बाद आरोपियों ने राहुल की रेकी शुरू कर दी।
घटना वाले दिन भी बदमाशों ने पहले राहुल की गतिविधियों पर नजर रखी। दुकान बंद कर राहुल जैसे ही घर के लिए निकले, आरोपियों ने एक-दूसरे को सूचना दी और महुराकला से महुराखुर्द जाने वाले रास्ते पर घात लगाकर बैठ गए। राहुल के पहुंचते ही बदमाशों ने डंडे से हमला कर उन्हें गिरा दिया और उनका बैग लेकर फरार हो गए।
लूट की रकम से खरीदे मोबाइल, होटलों में की पार्टी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि लूट की रकम से उन्होंने मोबाइल फोन खरीदे और अलग-अलग होटलों में पार्टी की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आईफोन 12 प्रो और ओप्पो एफ-33 मोबाइल बरामद किए हैं। इसके अलावा वादी के आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद किए गए हैं।
चार आरोपी गिरफ्तार
1. अरुण कुमार उर्फ गोल्डी, निवासी पद्मिनीखेड़ा, थाना मोहनलालगंज, उम्र करीब 23 वर्ष।
2. शिवा, निवासी पद्मिनीखेड़ा, थाना मोहनलालगंज, उम्र करीब 21 वर्ष।
3. चंचल यादव उर्फ लाला, निवासी सरायजोगा, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव, उम्र करीब 21 वर्ष।
4. शुभम रावत, निवासी औलाद अली का पुरवा, थाना गोसाईगंज, उम्र करीब 20 वर्ष।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.50 लाख रुपये नकद, आईफोन 12 प्रो, ओप्पो एफ-33 मोबाइल, वादी का आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल और लकड़ी का डंडा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी शिवा के खिलाफ पूर्व में भी थाना मोहनलालगंज में मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस सफल खुलासे में दक्षिणी जोन की सर्विलांस सेल और थाना गोसाईगंज पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।
