अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम में सावन की दूसरी सोमवारी पर बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, नेपाल सहित अन्य राज्यों से पहुंचे लाखों कांवरियों ने उत्तरवाहिनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के साथ बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।

सावन की दूसरी सोमवारी के अवसर पर हजारों शिवभक्तों ने अजगैविनाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और माता पार्वती की भी पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन के निर्देश पर अजगैविनाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गंगा घाटों के विभिन्न स्थानों और कांवरिया पथ पर भी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। शिवभक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
डीएसपी नवनीत कुमार ने अजगैविनाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं, पूरा क्षेत्र और कांवरिया पथ केसरिया रंग में सराबोर नजर आया। शिवभक्तों द्वारा लगाए जा रहे हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा अजगैविनाथ धाम गुंजायमान हो उठा।
नगर परिषद सुल्तानगंज, स्वास्थ्य विभाग, बीडीओ, सीओ सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी सुबह से ही शिवभक्तों की सेवा और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में जुटे रहे। इस दौरान हजारों की संख्या में शिवभक्त अजगैविनाथ धाम में मौजूद रहे और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
