ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर छह वर्षीय कांवरिया की मौत, गांव में मातम | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर छह वर्षीय कांवरिया की मौत, गांव में मातम | New India Times

कांवड़ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। हरदोई जिले के बिलग्राम क्षेत्र के पास ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर छह वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मितौली थाना क्षेत्र के डहर गांव के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्राली से कन्नौज के मेहंदीघाट कांवड़ भरने गए थे। गांव निवासी रामलखन का छह वर्षीय पुत्र हैप्पी भी उनके साथ गया था। बताया जाता है कि कांवड़ यात्रा के लिए पड़ोसी गांव रामखेड़ा निवासी अवधेश का ट्रैक्टर-ट्राली लिया गया था, जिसमें पीछे दो ट्रालियां जुड़ी थीं।
कांवड़ भरने के बाद सभी श्रद्धालु गोला गोकर्णनाथ के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान बिलग्राम क्षेत्र के पास चलती ट्रैक्टर-ट्राली से मासूम हैप्पी अचानक नीचे गिर गया और ट्राली की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली, चालक व अन्य लोगों से पूछताछ के बाद उन्हें घर भेज दिया।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। इस हादसे ने कांवड़ यात्रा के दौरान बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version