त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मालथौन से झिराघाटी तक बदहाल सड़क को लेकर सियासत गरमा गई है। मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और तब तक टोल वसूली बंद करने की मांग उठाई है।
अपने पत्र में हर्ष यादव ने बताया कि उक्त मार्ग की स्थिति बेहद खराब और चिंताजनक हो चुकी है। जगह-जगह बड़े गड्ढों के कारण रोजाना हजारों वाहन चालकों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़क के चलते दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क रखरखाव के नाम पर ठेकेदार केवल औपचारिकता निभा रहा है। गड्ढों की अस्थायी मरम्मत के बाद कुछ ही समय में सड़क फिर खराब हो जाती है, जिससे समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा।
टोल वसूली पर सवाल
हर्ष यादव ने टोल टैक्स वसूली को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि जब सड़क की स्थिति दयनीय है, तो वाहन चालकों से भारी-भरकम टोल वसूली अनुचित है। उन्होंने मांग की कि जब तक सड़क सुरक्षित और मानकों के अनुरूप नहीं बनती, तब तक संबंधित टोल बूथ बंद किए जाएं।
निर्माण गुणवत्ता पर भी उठे सवाल
पत्र में डिवाइडर पर हरित पट्टी के अभाव और ओवरब्रिज-अंडरब्रिज के निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। स्थानीय लोगों में इन मुद्दों को लेकर असंतोष बताया गया है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि यह मामला सिर्फ खराब सड़क का नहीं, बल्कि हजारों यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जल्द हस्तक्षेप कर स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत सुनिश्चित कराने की मांग की है।
अब देखने वाली बात होगी कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और संबंधित विभाग इस गंभीर मुद्दे पर क्या कार्रवाई करते हैं।
