त्रिवेंद्र जाट, देवरी/सागर (मप्र), NIT:

सागर जिले के देवरी क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराए जा रहे सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य एक बार फिर सवालों के घेरे में हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार राकेश गुरु द्वारा सड़कों के गड्ढे भरने, टूटी पुलियाओं के सुधार, सड़कों के दोनों ओर वॉल निर्माण सहित अन्य मरम्मत कार्यों में गुणवत्ताहीन निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।

क्षेत्रवासियों के अनुसार निर्माण कार्य में धूलयुक्त डस्ट, घटिया स्थानीय गिट्टी और स्थानीय कंपनी की सीमेंट का इस्तेमाल किया जा रहा है। देवरी क्षेत्र में बारह से पूर्णा चौकी मार्ग तथा बारह पुलिया से रीछई ग्राम मार्ग पर पुलिया सुधार एवं सड़क के दोनों ओर वॉल निर्माण कार्य में गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल ही में किए गए निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी हैं। वहीं, कुछ सड़कों और पुलियाओं की स्थिति भी कम समय में फिर से खराब होने लगी है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। लोगों ने संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही, जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
इस मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। PWD विभाग के SDO यू.एस. तिवारी ने कहा कि ठेकेदार को सुधार कार्य ठीक तरीके से करने के निर्देश दिए गए हैं।
इनका कहना है
यू.एस. तिवारी, SDO, PWD विभाग, देवरी:
“ठेकेदार को सुधार कार्य ठीक तरीके से करने के लिए कह दिया है। इस बार कार्य में सुधार किया जाएगा।”
राकेश गुरु, संबंधित निर्माण कार्य के ठेकेदार:
“निर्माण कार्य जैसा हो रहा है, वह अधिकारियों की देखरेख में ही हो रहा है।”
