अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन भोपाल ने दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हमीदिया रोड स्थित पटेल नगर के श्रीराम डिस्ट्रीब्यूटर्स से 2,095 लीटर/किलोग्राम से अधिक संदिग्ध घी जब्त किया है। जब्त किए गए घी की अनुमानित बाजार कीमत ₹12.66 लाख बताई गई है।
विभाग को मिली सूचना के आधार पर की गई जांच में धौलपुर फ्रेश दानेदार देसी घी और गोवर्धन प्योर काउ घी की 200 मि.ली., 500 मि.ली., 1 लीटर एवं 15 किलोग्राम पैकिंग बड़ी मात्रा में भंडारित मिली। प्रारंभिक जांच में घी की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने और उसमें मिलावटी घी तथा अन्य वेजिटेबल फैट की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पूरा स्टॉक जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में ले लिया गया।

कार्रवाई के दौरान 655 किलोग्राम धौलपुर फ्रेश घी (अनुमानित मूल्य ₹4.48 लाख) और 1,440 लीटर गोवर्धन घी (अनुमानित मूल्य ₹8.18 लाख) जब्त किया गया। दोनों मिलाकर कुल 2,095 लीटर/किलोग्राम घी जब्त किया गया।
जांच में सामने आया कि धौलपुर फ्रेश घी की आपूर्ति Bhole Baba Milk Food Industries (Dholpur) Pvt. Ltd. के इंदौर कार्यालय के माध्यम से, जबकि गोवर्धन घी की आपूर्ति Parag Milk Foods Ltd. के अधिकृत सुपर स्टॉकिस्ट के जरिए भोपाल पहुंची थी। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने निर्माता, सुपर स्टॉकिस्ट, वितरक और रिटेलर तक पूरी सप्लाई चेन की जांच शुरू कर दी है। जरूरत पड़ने पर संबंधित सभी जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जब्त किए गए घी के विधिक नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अरुणेश पटेल, पंकज श्रीवास्तव, जे.पी. लववंशी सहित विभागीय टीम ने यह कार्रवाई की। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भोपाल जिले में दूध, घी, पनीर, मावा और अन्य दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मिलावट करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
