रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:
छात्रसंघ चुनाव को लेकर एनएसयूआई ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार से प्रत्यक्ष (डायरेक्ट) प्रणाली के तहत चुनाव कराने की मांग की। जिला अध्यक्ष नरवेश अमलियार ने कहा कि मध्य प्रदेश एनएसयूआई लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।
उन्होंने बताया कि एनएसयूआई के प्रदेश पदाधिकारी अदनान अंसारी ने छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर की थी। इस पर सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को शैक्षणिक कैलेंडर 2026-27 के अनुसार सितंबर माह में छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्देश दिए हैं। एनएसयूआई ने न्यायालय के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
नरवेश अमलियार ने कहा कि अब राज्य सरकार को न्यायालय की भावना का सम्मान करते हुए छात्रसंघ चुनाव प्रत्यक्ष (डायरेक्ट) प्रणाली से कराना चाहिए। प्रत्यक्ष प्रणाली में प्रत्येक नियमित विद्यार्थी अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए सीधे छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव तथा विश्वविद्यालय कार्यकारिणी के प्रतिनिधियों का चुनाव करता है।
उन्होंने कहा कि अप्रत्यक्ष (इनडायरेक्ट) प्रणाली में विद्यार्थी केवल कक्षा प्रतिनिधि (सीआर) का चुनाव करते हैं, जबकि वही निर्वाचित प्रतिनिधि छात्रसंघ के पदाधिकारियों का चयन करते हैं। इससे अधिकांश विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्तर पर अपने प्रतिनिधियों के चुनाव में भाग लेने का अवसर नहीं मिल पाता।
एनएसयूआई ने मांग की कि राज्य सरकार बिना किसी देरी के छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी करे तथा सितंबर माह में प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव सुनिश्चित करे। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव नहीं कराए गए तो एनएसयूआई प्रदेशभर में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद गणावा, जिला संगठन मंत्री अनिल भाबोर, थांदला विधानसभा अध्यक्ष पवन सिंह डामोर, पीजी कॉलेज प्रभारी दीपक मखोड़िया, मनोज गुड़िया, कांतिलाल भूरिया, अल्केश पारगी, सूर्य डामोर, आतिश डामोर, आनंद गुड़िया, मुकेश मालीवाड़, दिव्यांश मोरी, लकी परमार, हेमलता परमार, सीमा गणावा, दिव्य परमार, रानू कनेश, नताशा मेड़ा सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
