राकेश यादव, ब्यूरो चीफ़, सागर (मप्र), NIT:
सागर जिले के देवरी कला क्षेत्र स्थित रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के सिद्ध क्षेत्र ‘राजा बाबा’ के जंगल में बहुमूल्य पत्थर, हीरे और सोने के आभूषण मिलने की अफवाह फैलने के बाद पुलिस पर हुए पथराव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
अफवाह फैलते ही आसपास के गांवों से हजारों लोग गेती और फावड़े लेकर जंगल में खुदाई करने पहुंच गए। सूचना मिलने पर देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को जंगल से बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। घटना में एक प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल, एसडीएम, एसडीओपी, वन विभाग और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर स्थिति पर नियंत्रण पाया।
जांच के दौरान पुलिस ने पथराव में शामिल आरोपियों की पहचान कर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। बुधवार को पुलिस ने दो आरोपी डब्बू ग्वालिया और गुड्डू ग्वालिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, इस मामले के तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
