आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ, भिंड (मप्र), NIT:
भिंड जिले की मौ थाना पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के सगे भाई और दामाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने संपत्ति और पारिवारिक विवाद के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, 22 जुलाई 2026 को ग्राम घमूरी की पुलिया के पास खेत में अतर सिंह जाटव (45), निवासी ग्राम घमूरी का शव बरामद हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी गोहद महेंद्र सिंह गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मौ, निरीक्षक रघुवीर मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि 20 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे उन्होंने पहले मृतक को जहरीला पदार्थ पिलाया, इसके बाद साफी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को चार पहिया वाहन में रखकर पूरी रात छिपाए रखा। अगले दिन दंदरौआ मंदिर जाने के बाद रात में शव को ग्राम घमूरी के पास पुलिया से नीचे फेंक दिया। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मृतक का मोबाइल फोन भी नदी में फेंक दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एमजी एस्टर कार, जहरीली दवा की शीशी, साफी तथा मृतक का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने मृतक के सगे भाई और दामाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
