नेता जी चौक–गजराज नगर मार्ग पर 30 किमी/घंटा गति सीमा लागू करने की जनसेवक विजय शंकर यादव ने की अपील | New India Times

हनीफ खान, ब्यूरो चीफ, मिर्जापुर (यूपी), NIT:

ओबरा-चोपन मुख्य मार्ग पर स्थित नेता जी चौक से गजराज नगर चौराहे के बीच लगभग 3 किलोमीटर का क्षेत्र सड़क दुर्घटनाओं का डेंजर ज़ोन बन चुका है। प्रत्येक वर्ष यहां दर्जनों दर्दनाक सड़क हादसे होते हैं, जिनमें कई मासूम और बेकसूर लोगों की असमय मौत हो जाती है। लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं से पूरे शहर में चिंता और दुख का माहौल है। अब इसे केवल सामान्य सड़क दुर्घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारतीय अहिंसा सेवा संस्थान के अध्यक्ष एवं छात्र नेता जनसेवक विजय शंकर यादव के नेतृत्व में लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में जागरूकता संबंधी पोस्टर लेकर राहगीरों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

“आपका जीवन है, इसकी सुरक्षा भी आपकी जिम्मेदारी है।”

जनसेवक विजय शंकर यादव ने कहा कि इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक होने के साथ-साथ वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि नेता जी चौक से गजराज नगर चौराहे की दूरी मात्र 3 किलोमीटर है। ऐसे में इस मार्ग पर वाहनों की गति 20 से 30 किमी प्रति घंटा से अधिक न रखें, ताकि अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि संस्थान अपने दैनिक कार्यों से समय निकालकर लगातार आमजन को यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहा है।

संस्थान ने स्थानीय प्रशासन से इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय शीघ्र सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि ओबरा-चोपन मार्ग को सड़क हादसों से सुरक्षित बनाया जा सके।

इस अवसर पर संगठन के छोटू चौधरी, वीरेंद्र शर्मा, अफजाल अहमद, अमरनाथ तथा संदीप तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version