रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रभु चिंतन भवन में ‘10 करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।
अभियान के ब्रांड एंबेसडर डॉ. मनोज अग्रवाल ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि नशाखोरी समाज और परिवार दोनों के लिए गंभीर खतरा है, इससे दूर रहना ही बेहतर जीवन का मार्ग है। मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि यदि जीवन में नशा करना ही है, तो आध्यात्मिक मूल्यों का करें, जिससे जीवन सकारात्मक और उज्ज्वल बन सके।

कार्यक्रम के दौरान देवेंद्र महाजन ने सभी उपस्थितजनों को जीवनभर नशामुक्त रहने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई। संस्थान की मुख्य संचालिका बीके मंगला दीदी ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए नशे के प्रकार, उसके दुष्प्रभाव और आध्यात्मिकता के माध्यम से इससे मुक्ति के उपाय बताए।
इस अवसर पर आशा निकेतन स्कूल के बच्चों ने नशामुक्ति पर प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावनात्मक बना दिया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय विभाग के उपसंचालक दुर्गेश दुबे, नीरज कक्कड़, मनोज महाजन (लोणी) सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। अंत में अतिथियों को ईश्वरीय सौगात व प्रसाद भेंट किया गया। जगदीश जग्यासी के आशीर्वचन के साथ कार्यक्रम का समापन नशामुक्ति के बुलंद नारों के बीच हुआ।
