संदीप शुक्ला, ब्यूरो चीफ, ग्वालियर (मप्र), NIT:

मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार भारतीय ज्ञान परम्परा के अंतर्गत डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय, ग्वालियर में सोमवार को “रसायन विज्ञान के क्षेत्र में आचार्य प्रफुल्ल चन्द्र राय का योगदान” विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीना श्रीवास्तव ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि भारतीय ज्ञान परम्परा हमारी समृद्ध वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक विरासत का आधार है। विद्यार्थियों को अपने गौरवशाली ज्ञान-विज्ञान से परिचित कराना आज समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. राहिल सत्यनिधान ने भारतीय ज्ञान परम्परा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य वक्ता एवं रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. नाज़ीन बानो ने आचार्य प्रफुल्ल चन्द्र राय के वैज्ञानिक अनुसंधान, स्वदेशी उद्योगों की स्थापना तथा भारतीय रसायन विज्ञान के विकास में उनके अमूल्य योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने तथा भारतीय वैज्ञानिक विरासत पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय व्याख्यान में गणित विभाग के डॉ. कमलेश कपूर ने भारतीय ज्ञान परम्परा में गणित एवं विज्ञान की समृद्ध विरासत तथा आधुनिक विज्ञान में उसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों से भारतीय गणितज्ञों एवं वैज्ञानिकों के योगदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहिल सत्यनिधान ने किया, जबकि अंत में डॉ. ज्योति शर्मा ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
