मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
तीन पीढ़ियों से हर वर्ष बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या झेल रहे सिंधीपुरा, बुधवारा, शिकारपुरा, शनवारा एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों ने समस्या के स्थायी समाधान के बाद बुरहानपुर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस के निवास पहुंचकर पुष्पमालाओं से उनका भव्य स्वागत किया तथा आभार व्यक्त किया।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि जिस समस्या को वर्षों तक लोग अपनी नियति मानकर जी रहे थे, उसका स्थायी समाधान विधायक अर्चना चिटनिस के सतत प्रयासों, प्रभावी निगरानी और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से संभव हो सका। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की शहरी अधोसंरचना को मजबूत करने की नीति का लाभ बुरहानपुर को भी मिला है।
विधायक अर्चना चिटनिस ने शहर के सबसे संवेदनशील और वर्षों पुराने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए। उनके प्रयासों से राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीएमएफ) से लगभग 12 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली, जिससे नालों का सीमेंटीकृत निर्माण, चैनलाइजेशन तथा आधुनिक जल निकासी व्यवस्था विकसित की गई। इसके साथ ही महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल के समन्वय से शहर में लगभग 28 किलोमीटर आंतरिक सीमेंट कंक्रीट सड़कों का निर्माण कराया गया, जिससे वर्षों से जर्जर सड़कें मजबूत और टिकाऊ बनीं।
निर्माण कार्यों के दौरान विधायक अर्चना चिटनिस ने समय-समय पर स्वयं स्थलों का निरीक्षण किया, अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के साथ समीक्षा बैठकें कर कार्यों की लगातार निगरानी की और यह सुनिश्चित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा, तकनीकी मानकों और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों।
विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि नागरिकों की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकासवादी नेतृत्व में बुरहानपुर में ऐसी आधारभूत अधोसंरचना विकसित की जा रही है, जिससे नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर जीवन मिल सके। उन्होंने कहा कि तीन पीढ़ियों से चली आ रही जलभराव की समस्या का समाधान जनसहयोग, सरकार की प्रतिबद्धता और निरंतर विकास कार्यों का परिणाम है।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि पहले हल्की बारिश में ही बुधवारा, जो शहर का प्रमुख व्यापारिक मार्ग है, पूरी तरह जलमग्न हो जाता था। सिंधीपुरा, शिकारपुरा और शनवारा सहित आसपास के क्षेत्रों में घरों और दुकानों में पानी भर जाता था, जिससे व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था और आम नागरिकों, स्कूली बच्चों, महिलाओं तथा बुजुर्गों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार घंटों तक यातायात बाधित रहता था।
अब नालों के चैनलाइजेशन, सीमेंटीकृत निर्माण और मजबूत सीमेंट कंक्रीट सड़कों के कारण वर्षा जल का सुचारु निकास हो रहा है। जलभराव समाप्त होने से नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है, व्यापारिक गतिविधियां बिना किसी बाधा के संचालित हो रही हैं तथा पूरे क्षेत्र में स्वच्छता और बेहतर शहरी व्यवस्था का वातावरण बना है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों बाद पहली बार बारिश के दौरान उन्हें राहत और सुरक्षा का अनुभव हुआ है।
क्षेत्रवासी जयंती मुंशी ने कहा कि पहले थोड़ी-सी बारिश भी चिंता का कारण बन जाती थी। सड़कें बंद हो जाती थीं, घरों में पानी घुस जाता था और पूरा परिवार परेशान रहता था। हमारी तीन पीढ़ियां इस समस्या के साथ जीती रहीं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। आज अर्चना दीदी के प्रयासों से यह वर्षों पुरानी समस्या समाप्त हो गई है, जिसके लिए हम उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
महेंद्र जैन, विनय पालीवाल, परेश गांधी एवं संतोष मोदी ने कहा कि अर्चना चिटनिस ने यह साबित कर दिया है कि यदि जनप्रतिनिधि संवेदनशील और संकल्पित हो तो दशकों पुरानी समस्याओं का भी समाधान संभव है। उन्होंने केवल राशि स्वीकृत नहीं कराई, बल्कि स्वयं निर्माण कार्यों की निगरानी कर गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होने दिया। आज उच्च गुणवत्ता के साथ निर्मित अंडरग्राउंड नाले और सीमेंट कंक्रीट सड़कें इसका प्रमाण हैं।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि यह केवल नालों और सड़कों का निर्माण नहीं, बल्कि तीन पीढ़ियों की पीड़ा का अंत है। अब न मुख्य मार्गों पर जलभराव होता है, न घरों और दुकानों में पानी भरता है और न ही व्यापार प्रभावित होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत के संकल्प, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के विकासवादी नेतृत्व तथा विधायक अर्चना चिटनिस के सतत जनसंपर्क और विकास कार्यों से बुरहानपुर निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
इस अवसर पर पार्षद गौरव शुक्ला, रितेश सरोदे, हमीद उल्लाह डायमंड, शाहिद बांदा, आशीष शुक्ला, रूद्रेश्वर एंडोले, प्रभाकर महाजन, बाबू भाई, रमेश सांवले, चिंटू राठौर, जीतू महाजन, जयंत मुंशी, अमित परमेकर, चेतन शाह, महेश पटेल, प्रदीप कसेरा, असलम साहब, तोताराम सांवले, प्रकाश लाड, प्रशांत रावतोले, रिजवान, ललित तुलसवानी, गणेश वारूड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
