घोघरा जलप्रपात में दर्दनाक हादसा: 12वीं के छात्र की डूबने से मौत, दो घंटे बाद मिला शव | New India Times

राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

घोघरा जलप्रपात में दर्दनाक हादसा: 12वीं के छात्र की डूबने से मौत, दो घंटे बाद मिला शव | New India Times

सागर जिले के देवरी क्षेत्र स्थित ग्राम मुहली के घोघरा जलप्रपात में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पानी में डूबने से कक्षा 12वीं के छात्र ललित साहू की मौत हो गई। करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोपहर लगभग 3 बजे स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से छात्र का शव गहरे पानी से बाहर निकाला गया।

महाराजपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में मृतक ललित साहू सरस्वती शिशु मंदिर, देवरी का छात्र था। मृतक के दोस्त अमन दांगी ने बताया कि वे छह छात्र कोचिंग के लिए देवरी आए थे। कोचिंग समाप्त होने के बाद सुबह करीब 11 बजे सभी दोस्त मुहली के घोघरा वॉटरफॉल पर नहाने पहुंचे। वहां पहले से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। छात्रों ने उनसे पानी की गहराई के बारे में पूछा तो ग्रामीणों ने बताया कि कुंड लगभग 40 से 45 फीट गहरा है।

अमन के अनुसार, ललित साहू और केशव रजक को तैरना नहीं आता था, इसलिए दोनों शुरुआत में किनारे पर ही खड़े रहे। वहीं आदित्य, हार्दिक स्वामी, मधुर दांगी सहित अन्य चार दोस्त गहरे कुंड में नहा रहे थे। इसी दौरान उन्हें नहाता देखकर ललित और केशव भी अचानक पानी में उतर गए और दोनों डूबने लगे। चारों दोस्तों ने किसी तरह केशव रजक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन ललित गहरे पानी में डूब गया। दोस्तों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ललित का शव गहरे पानी से बरामद कर लिया गया।

थाना प्रभारी अजय भदोरिया ने बताया कि कक्षा 12वीं का छात्र ललित साहू वॉटरफॉल में डूब गया था। गोताखोरों और स्थानीय लोगों की मदद से उसका शव बरामद कर लिया गया। शव पत्थरों के बीच फंसा हुआ मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version