मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

पालाचौरई रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाई जाएगी। मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने के कार्य को स्वीकृति प्रदान कर दी है। अब शासकीय एवं तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ने से यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने में अधिक सुविधा एवं सुरक्षा मिलेगी। इस कार्य की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और यात्रियों ने सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि सांसद बंटी विवेक साहू के लगातार प्रयासों के बाद पालाचौरई रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने का बहुप्रतीक्षित कार्य अब शुरू होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दिलाने में सांसद की सक्रिय पहल और निरंतर प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने रेलवे की मंडल स्तरीय बैठकों में लगातार यह मांग उठाई थी तथा रेलवे अधिकारियों को इस संबंध में पत्र भी प्रेषित किए थे।
सांसद के प्रयासों का ही परिणाम है कि मध्य रेलवे, नागपुर मंडल ने इस कार्य को स्वीकृति दे दी है। रेलवे के जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी ने प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। वर्तमान में निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
सांसद के प्रयासों से यात्रियों को मिलेगी सुरक्षित और बेहतर सुविधा
विदित हो कि पालाचौरई रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई कम होने के कारण यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को ट्रेनों में चढ़ने-उतरने में काफी परेशानी होती थी। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ने के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। यह मांग क्षेत्र के लोगों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। कार्य की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
मीडिया प्रभारी भूपेंद्र साहू ने भी उठाई थी मांग
उल्लेखनीय है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान जुन्नारदेव रेलवे स्टेशन पहुंचे सांसद बंटी विवेक साहू एवं सेंट्रल रेलवे के डीआरएम को भाजपा नगर मंडल जुन्नारदेव के मीडिया प्रभारी भूपेंद्र साहू ने क्षेत्र की रेल सुविधाओं से संबंधित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा था।
ज्ञापन में पालाचौरई रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने, पेंचवेली एक्सप्रेस का नियमित स्टॉपेज सुनिश्चित करने तथा छिंदवाड़ा–इतवारी पैसेंजर ट्रेन का विस्तार जुन्नारदेव तक करने की मांग की गई थी।
सांसद बंटी विवेक साहू ने ज्ञापन का तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर उपस्थित सेंट्रल रेलवे के डीआरएम से इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित रेल सुविधाओं और यात्रियों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर रेलवे प्रशासन के समक्ष रखा जाएगा।
भूपेंद्र साहू ने बताया कि छिंदवाड़ा–इतवारी पैसेंजर ट्रेन का जुन्नारदेव तक विस्तार होने से कोयलांचल क्षेत्र के हजारों यात्रियों को नागपुर के लिए सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी। साथ ही सावन माह में आयोजित प्रसिद्ध नागद्वारी महादेव मेले में महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं आम नागरिकों को भी बड़ी सुविधा प्राप्त होगी।
