आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं एसडीओपी मेहगांव संजय कोच्छा के मार्गदर्शन में थाना मेहगांव पुलिस ने अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 81.6 लीटर अवैध शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि संजीव उर्फ संजू पुत्र छविराम सिंह जाटव, निवासी ग्राम सिलोली, थाना मेहगांव, जिला भिण्ड, अपने घर में अवैध शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से 9 पेटी अवैध शराब बरामद की, जिनमें 5 पेटी बोल्ट बीयर कैन (120 कैन) तथा 4 पेटी देशी प्लेन शराब (200 क्वार्टर) शामिल हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 81 लीटर 600 मिलीलीटर (81.6 लीटर) है, जिसकी अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये आंकी गई है।
थाना मेहगांव पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी संजीव उर्फ संजू के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध क्रमांक 214/2026 दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है तथा उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत पहले से पांच प्रकरण दर्ज हैं।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र शर्मा, उपनिरीक्षक विवेक शर्मा, प्रधान आरक्षक सतेन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक नीतू दुबे, आरक्षक तिलक तोमर तथा आरक्षक हेमंत गुर्जर की उल्लेखनीय भूमिका रही।
