नागद्वारी मेले की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक, अधिकारियों के समक्ष श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए रखे गए सुझाव | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव विधानसभा क्षेत्र के दमुआ में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाले नागद्वारी मेले की तैयारियों को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे गए।

दमुआ के इंदिरा चौक स्थित वैशाली परिसर में नागद्वारी मेले के श्रद्धालुओं के ठहरने और विश्राम के लिए विशाल वॉटरप्रूफ टीन शेड तैयार किया गया है। यहां श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क रुकने, सोने, गरम भोजन, नाश्ता एवं चाय की व्यवस्था मुकेश साहू एवं उनके परिवार द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी की जा रही है। इस सेवा कार्य में साहू परिवार की मित्र मंडली भी सक्रिय सहयोग प्रदान कर रही है।

शासकीय अस्पताल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क दवा वितरण एवं मेडिकल स्टाफ की व्यवस्था रहेगी। वहीं नगर पालिका से स्वच्छता, पेयजल, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने के संबंध में सीएमओ अजय ठाकरे को ज्ञापन सौंपा गया। पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाने का भी सुझाव दिया गया।

बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। आश्वस्त किया गया कि नागद्वारी मेले के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित की जाएंगी। इस अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे की सभी वक्ताओं ने मुक्त कंठ से सराहना की।

बैठक में नायब तहसीलदार धनराज पवार, नगर निरीक्षक प्रमोद सिरसाम, सीएमओ अजय ठाकरे सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version