वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
मोहल्ला संकटा देवी स्थित ईश्वर सिंह राइस मिल के पीछे, अर्चित स्टोर्स के निकट भल्ला जी वाली गली में स्थित प्राचीन श्री सुरेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रावण मास के प्रथम दिवस भगवान भोलेनाथ एवं शिव परिवार का दिव्य एवं अलौकिक श्रृंगार किया गया।
अत्यंत छोटे आकार का यह प्राचीन मंदिर भक्तों की अपार श्रद्धा और अटूट आस्था का केंद्र है। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास के प्रथम दिवस मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया। पुष्पों एवं आकर्षक पगड़ी से सुसज्जित शिवलिंग का मनोहारी स्वरूप श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान भोलेनाथ का यह अलौकिक स्वरूप भक्तों पर अपनी कृपा बरसाता रहा।
श्री सुरेश्वर नाथ महादेव के मनोहारी स्वरूप को सजाने में मां संकटा देवी एवं भोलेनाथ के अनन्य भक्त मदन मोहन गुप्त ‘कन्हैया’ की लगन, सेवा भावना और कल्पनाशीलता का विशेष योगदान रहा। घंटों की अथक सेवा और परिकल्पना के परिणामस्वरूप प्रतिदिन भगवान का अलग-अलग स्वरूपों में दिव्य श्रृंगार किया जाता है। मंदिर की आकर्षक साज-सज्जा, पूजा की थाली एवं दीपमालिका श्रद्धालुओं का मन मोह लेती है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन कर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।
