वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:
मैगलगंज क्षेत्र में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का कारोबार चरम पर है। बरगदिया, सहोरा, बहादुरनगर और चपरतला गांवों में पिछले कई दिनों से खनन माफिया बेखौफ होकर नियमों को ताक पर रखकर दिन-रात मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं। खनन में लगे ओवरलोड डंपर बिना तिरपाल ढके राष्ट्रीय राजमार्ग पर दौड़ रहे हैं, जिससे उड़ने वाली धूल और सड़क पर गिरने वाली मिट्टी के कारण राहगीरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है तथा हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को परिवहन विभाग के पीटीओ ने एक ओवरलोड डंपर को पकड़कर पास की पुलिस चौकी तक पहुंचाया, लेकिन कुछ ही देर बाद बिना किसी सख्त कानूनी कार्रवाई के उसे छोड़ दिया गया। इस घटना के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
लोगों का कहना है कि आखिर किस दबाव में कार्रवाई को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया, क्या खनन माफियाओं के प्रभाव के आगे सरकारी तंत्र बेबस हो चुका है और दिन-रात चल रहे इस अवैध कारोबार पर जिला प्रशासन मौन क्यों है। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध खनन तथा संदिग्ध कार्रवाई में शामिल जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
