रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

गुरु पूर्णिमा महोत्सव झाबुआ के विद्यालय में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी पहलू रहा कि विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं को गुरु दक्षिणा के रूप में समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प अर्पित किया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने प्रतिज्ञा ली कि वे अपने नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करेंगे, स्वच्छता को अपनाएंगे, प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे तथा जरूरतमंदों की सहायता करेंगे। विद्यार्थियों ने कहा कि गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धा केवल उपहारों से नहीं, बल्कि उनके बताए संस्कारों को जीवन में उतारने से होती है।

कार्यक्रम में श्लोक वाचन, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही हवन का आयोजन कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने श्रद्धापूर्वक आहुति दी। शिक्षिका हेमलता गुप्ता ने महर्षि वेदव्यास के जीवन और उनके योगदान पर प्रकाश डाला, वहीं विद्यार्थियों ने सामूहिक गीत की मनमोहक प्रस्तुति दी।
एकेडमिक डायरेक्टर सतीश निरंजन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु जीवन को दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं और उनकी शिक्षाओं को आचरण में उतारना ही सच्ची गुरु दक्षिणा है। कार्यक्रम का सफल संचालन प्राचार्य दीपशिखा तिवारी एवं उपप्राचार्य मकरंद आचार्य के निर्देशन में किया गया।
