मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

आषाढ़ी एकादशी के पावन अवसर पर जिला परिषद प्राथमिक मराठी विद्यालय, लाडखेड़ में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। विद्यार्थियों में भक्ति, आध्यात्मिकता और एकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीणों का मन मोह लिया।
इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने भगवान विठ्ठल और माता रुक्मिणी की वेशभूषा धारण कर आकर्षक प्रस्तुति दी। “विठ्ठल-विठ्ठल” के जयघोष, टाल-मृदंग की मधुर धुन और भक्ति गीतों के साथ बाल वारकरियों की भव्य दिंडी पूरे गांव में निकाली गई, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धा और उत्साह से भरे इस आयोजन की सभी ने सराहना करते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लाडखेड़ केंद्र के केंद्रप्रमुख विजय मेश्राम ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष संदीप कदम ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाया, वहीं शिल्पा काळे ने भगवान विठ्ठल का सुंदर चित्र बनाकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्याध्यापिका सिंधु दुधे तथा शिक्षिकाएं सुनीता वीळपाते, मालु आत्राम, सुनीता बेलखेडे और घनश्याम बावणे का विशेष योगदान रहा। इस आयोजन ने विद्यार्थियों में भक्ति, संस्कार और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति आस्था का संदेश दिया।

