राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
नेशनल हाईवे-44 पर चीमाढाना के पास बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पेपर रोल से भरे एक मिनी आयशर ट्रक (क्रमांक NL 01 AG 9567) में चलते-चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी हरिराम मानकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हाईवे के दोनों ओर करीब 2 किलोमीटर तक लगे जाम को नियंत्रित कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था बनाकर सुचारू किया गया।
ट्रक चालक प्रेम ने बताया कि वह तिरछी से आगरा पेपर रोल लेकर जा रहे थे, तभी अचानक वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी।
नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम के कर्मचारी बबलू प्रजापति और जमील खान ने मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। चालक की सूझबूझ और दमकल दल की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
