कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन | New India Times

शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:

https://www.newindiatimes.net/wp-content/uploads/2026/07/VID-20260728-WA01341.mp4
New India times

राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, गोरखपुर के प्रतिनिधिमंडल ने 27 जुलाई को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपर जिलाधिकारी (नगर) गजेंद्र कुमार को जिलाधिकारी, गोरखपुर के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनपद के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई।

परिषद ने मांग की कि जनपद के सभी विभागों के कर्मचारियों की जीपीएफ/एनपीएस पासबुक का शीघ्र अद्यतन कराया जाए, ताकि प्रत्येक कर्मचारी को अपने अंशदान एवं शेष राशि की सही जानकारी प्राप्त हो सके।

इसके अलावा सभी कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका (सर्विस बुक) को अद्यतन कराने की मांग भी की गई। परिषद ने बताया कि कई विभागों के कर्मचारियों की मानव संपदा पोर्टल पर दर्ज प्रविष्टियां सेवा पुस्तिका से मेल नहीं खातीं, जिससे वेतन, पदोन्नति, पेंशन एवं अन्य सेवा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। इसलिए सेवा पुस्तिका के अनुरूप सभी प्रविष्टियों में आवश्यक संशोधन कराया जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जनपद के सभी एनपीएस कर्मचारियों से एस-2 (S-2) प्रपत्र भरवाकर उनके PRAN कार्ड पर दर्ज सभी विवरणों को सही कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न हो।

परिषद ने सभी संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को समय पर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित कराने की भी मांग की। साथ ही जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि इन सभी बिंदुओं के संबंध में जनपद के सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDO) को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।

परिषद की मांगों पर अपर जिलाधिकारी (नगर) गजेंद्र कुमार ने कर्मचारियों की समस्याओं को न्यायोचित बताते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों से राहत मिल सके।

इस अवसर पर रूपेश श्रीवास्तव, मदन मुरारी शुक्ल, अशोक पांडेय, पंडित श्याम नारायण शुक्ल, अनूप कुमार, सुभाष पांडेय, इजहार अली, रामधनी पासवान, मुखदेव, अशोक मौर्य, राजू कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version