अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 का भव्य शुभारंभ भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित नमामि गंगे घाट से हुआ। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर एक माह तक चलने वाले इस आस्था के महापर्व का विधिवत उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ‘श्रावणी मेला 2026 ऐप’ का भी लोकार्पण किया।
यह ऐप शिवभक्तों के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा, जिसके माध्यम से श्रद्धालु मेला से जुड़ी सभी सरकारी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। ऐप पर बाबा बैद्यनाथ धाम का लाइव दर्शन, कांवर यात्रा मार्ग, प्रमुख पड़ाव, स्वास्थ्य केंद्र, नियंत्रण कक्ष एवं आपातकालीन सेवाओं सहित अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी। प्रशासन के अनुसार यह पहल श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित, सरल और सुविधाजनक बनाएगी।
उद्घाटन के साथ ही नमामि गंगे घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। उत्तरवाहिनी गंगा में पवित्र स्नान कर गंगाजल भरने के बाद हजारों कांवरिया ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के साथ देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। पूरे घाट क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। नमामि गंगे घाट सहित पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल, दंडाधिकारी, एसडीआरएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने बताया कि पूरे मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

