वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

आगामी 30 जुलाई से शुरू हो रहे पवित्र श्रावण मास को लेकर नगर पालिका परिषद गोला गोकर्णनाथ ने तैयारियां तेज़ कर दी हैं। पालिकाध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा व पालिका टीम के साथ मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, तीर्थ कुंड की साफ-सफाई, स्वच्छ जल भराव, शौचालयों की स्वच्छता, जल निकासी, नीलकंठ मैदान की सफाई समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। पालिकाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस मौके पर विजय शुक्ला रिंकू ने कहा कि श्रावण मास में आने वाले कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। साथ ही तीर्थ कुंड में स्वच्छ जल, कांवड़ियों के ठहराव स्थलों पर सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय और मंदिर मार्ग पर संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अधिकारी मुकेश कुमार मिश्रा, जलकल जेई आदर्श मिश्रा, सिविल जेई अनिल कुमार यादव, यूपीएससीएल जेई विवेक कुमार बाजपेयी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप वर्मा, लेखाकार मोहित अवस्थी, सफाई नायक नरेश कुमार सहित पालिका के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

