मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ग्राम पंचायत एमागिर्द में स्थित मदनी मस्जिद एवं दरगाह चुपशाह के समीप ग्राम पंचायत द्वारा सड़क एवं नाली निर्माण कार्य कराया गया है। समाचार लिखे जाने तक निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका था।

निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही क्षेत्रवासियों ने कलेक्टर बुरहानपुर, जिला प्रशासन के अधिकारियों तथा ग्राम पंचायत एमागिर्द से धार्मिक स्थल की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए नाली निर्माण पर पुनर्विचार करने और इसे अन्य स्थान पर कराने की मांग की थी।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने 30 जून 2026 से 24 जुलाई 2026 के बीच कलेक्टर, तहसीलदार, जिला पंचायत, ग्राम पंचायत, सांसद, विधायक सहित विभिन्न अधिकारियों को कई आवेदन दिए। जनसुनवाई में भी शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन उनके अनुसार निर्माण कार्य पूरा हो गया और इस दौरान किसी भी अधिकारी ने उनकी मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया तथा आवेदन का निराकरण नहीं हुआ।

आवेदनों में कहा गया है कि मदनी मस्जिद एवं दरगाह धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। इसलिए उनकी गरिमा, पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए नाली का निर्माण इन स्थलों से हटकर कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नाली का मार्ग बदला जाता है तो धार्मिक स्थल की पवित्रता भी बनी रहेगी और आमजन की भावनाओं का भी सम्मान होगा।

ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए वैकल्पिक स्थान पर नाली एवं आवश्यकता अनुसार पुलिया निर्माण की भी मांग की है, ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं ग्राम पंचायत एमागिर्द से अपील की है कि धार्मिक आस्था और जनहित, दोनों को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति से ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे सड़क निर्माण भी प्रभावित न हो और मस्जिद व दरगाह की पवित्रता भी अक्षुण्ण बनी रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले के समाधान में ग्राम पंचायत एमागिर्द के सरपंच महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और यदि इच्छाशक्ति दिखाई जाए तो इस विवाद का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव है।
