रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत उदयपुरिया में सोमवार को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता सरपंच भारत कटारा ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 495 हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन कर ग्रामीणों को जानकारी देना था। ग्राम सभा को संबोधित करते हुए सरपंच भारत कटारा ने कहा कि शासन द्वारा ग्राम पंचायत उदयपुरिया को 495 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं।

पंचायत का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे तथा पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी ढंग से संपन्न की जाएगी। ग्राम पंचायत सचिव मसूल वसुनिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत ग्राम उदयपुरिया के लिए स्वीकृत 495 हितग्राहियों की सूची का सार्वजनिक वाचन किया। प्रशासन के निर्देशानुसार इस सूची को पंचायत भवन के सूचना-पटल (नोटिस बोर्ड) पर भी चस्पा किया जाएगा, ताकि सभी ग्रामीण इसे देख सकें। सूची में अपना नाम देखकर कई हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

ग्रामीणों ने कहा कि अब कच्चे मकानों में रहने की परेशानी दूर होगी। उन्होंने इसके लिए सरकार और ग्राम पंचायत का आभार व्यक्त किया। ग्राम सभा के अंत में सरपंच भारत कटारा ने ग्रामीणों को बढ़ते साइबर ठगी के मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आजकल नौकरी, लोन या अन्य प्रलोभनों के नाम पर ठग लोगों से आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक संबंधी दस्तावेज हासिल कर लेते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने दस्तावेज या ओटीपी न दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति किसी प्रकार का लालच दे, तो पहले पंचायत या पुलिस से सलाह अवश्य लें।
उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी लापरवाही लाखों रुपये के नुकसान का कारण बन सकती है। ग्राम सभा में समस्त पंचगण, पंचायत कर्मियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
