अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

गुरु पूर्णिमा मेला-2026 के दौरान मथुरा एवं गोवर्धन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने मथुरा जंक्शन पर व्यापक व्यवस्थाएँ की हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल के निर्देशन में वाणिज्य विभाग द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं, जिनकी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर 14 अतिरिक्त बुकिंग एवं आरक्षण काउंटर खोले गए हैं। इसके अलावा 9 ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) और 22 टिकटिंग फैसिलिटेटर तैनात किए गए हैं, ताकि यात्रियों को शीघ्र टिकट उपलब्ध हो सके। विभिन्न मंडलों से अतिरिक्त स्टाफ की भी तैनाती की गई है, जिसमें प्रयागराज मंडल से 14, झांसी से 6 और आगरा मंडल से करीब 90 अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हैं। इनकी ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है, जिससे 24×7 टिकटिंग, मार्गदर्शन और भीड़ प्रबंधन की सुविधा मिल सके।
स्टेशन के सभी प्रवेश द्वारों पर टिकट चेकिंग स्टाफ तैनात कर बिना टिकट प्रवेश पर रोक लगाई गई है। वहीं खानपान स्टॉलों पर मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं और ओवरचार्जिंग रोकने के लिए नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। अनधिकृत वेंडरों पर नियंत्रण के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के साथ संयुक्त अभियान भी चलाया जा रहा है।
रेलवे प्रशासन का दावा है कि इन व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।
