मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
कोल इंडिया सेवा निवृत्त कर्मचारी संघ समिति की कन्हान क्षेत्र शाखा की प्रथम बैठक दोपहर 3 बजे आयोजित की गई।
बैठक का शुभारंभ राष्ट्रगीत के गायन से हुआ। इसके पश्चात दिवंगत पेंशनरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और बैठक की औपचारिक कार्यवाही प्रारंभ हुई।
बैठक में सर्वप्रथम पेंशनर्स संगठन के गठन की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए पेंशनर समाज के समक्ष उत्पन्न हो रही विभिन्न समस्याओं से सदन को अवगत कराया गया। साथ ही संगठन द्वारा पेंशनरों के हित में किए गए कार्यों की जानकारी दी गई। मिशन विश्वास, चिकित्सा सुविधाओं तथा संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) जारी कराने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2023 में कोल इंडिया के लगभग 22,000 पेंशनरों की पेंशन बाधित हो गई थी। संगठन के प्रयासों से क्षेत्र के प्रभावित पेंशनरों की पेंशन पुनः प्रारंभ कराई गई, हालांकि देशभर में अभी भी लगभग 17,000 पेंशनरों की पेंशन शुरू होना शेष है। शाखा द्वारा वर्तमान में किए जा रहे विभिन्न कार्यों तथा चिकित्सा संबंधी सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।
पेंशन प्रकरण पर जानकारी देते हुए बताया गया कि इस माह की 29 तारीख को सुनवाई निर्धारित है, जबकि 21 अगस्त की अगली सुनवाई की तारीख भी पूर्व निर्धारित की जा चुकी है। ऐसे में उम्मीद जताई गई कि अगली सुनवाई में मामले में कोई सकारात्मक प्रगति हो सकती है।
बैठक में यह भी बताया गया कि 22 जुलाई को लोकसभा में कोयला राज्य मंत्री द्वारा दिए गए उत्तर में पेंशन फंड की कमी का हवाला देते हुए पेंशन वृद्धि करने में असमर्थता व्यक्त की गई है। हालांकि, पूर्व में न्यायालय में प्रतिवादी पक्ष द्वारा यही तर्क रखे जाने पर न्यायालय ने उसे स्वीकार नहीं किया था। साथ ही यह भी बताया गया कि सरकार ने अपने उत्तर में कहा है कि एक्चुअरी (Actuary) की सिफारिश के बिना पेंशन वृद्धि संभव नहीं है, जबकि 8 मार्च 2024 को बिना ऐसी सिफारिश के ही न्यूनतम पेंशन बढ़ाकर ₹1,000 कर दी गई थी।
बैठक में अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी साझा की गई तथा पेंशनरों से समिति की सदस्यता ग्रहण करने और अधिक से अधिक साथियों को संगठन से जोड़ने की अपील की गई।
अंत में राष्ट्रगान एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की समाप्ति की घोषणा की गई।
इस प्रथम बैठक में कन्हान क्षेत्र शाखा के पदाधिकारियों के साथ समिति के केंद्रीय अध्यक्ष श्री एस. एल. यादव की विशेष उपस्थिति रही।
