आसिम खान, ब्यूरो चीफ, छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

छिंदवाड़ा की प्रसिद्ध आयुर्वेद एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि नेमा ने जयपुर (राजस्थान) में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में भाग लेकर जिले का नाम गौरवान्वित किया। जयपुर स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (मानद विश्वविद्यालय) के प्रसूति तंत्र एवं स्त्री रोग विभाग तथा काश्यपी आयुर्वेद गायनेकोलॉजिस्ट्स एंड ऑब्सटेट्रिशियंस फाउंडेशन इंडिया, राजस्थान चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में “स्त्री अनुशल्यम-2026” विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में डॉ. नेमा ने प्रतिनिधि के रूप में सहभागिता की। इस अवसर पर संस्थान के कुलपति प्रो. डॉ. संजीव शर्मा, आयोजन अध्यक्ष प्रो. डॉ. भारती कुमारमंगलम, उपाध्यक्ष प्रो. डॉ. बी. पुष्पलता एवं आयोजन सचिव डॉ. पूनम चौधरी ने उन्हें सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इसके साथ ही 25 जुलाई को विश्व भ्रूणविज्ञानी दिवस के अवसर पर प्रजनन स्वास्थ्य, बांझपन उपचार तथा आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुर्वेद के समन्वय में उनके उत्कृष्ट कार्यों की विशेष सराहना की गई। डॉ. नेमा ने बताया कि आयुर्वेद, योग एवं संतुलित जीवनशैली के समुचित उपयोग से बांझपन जैसी समस्याओं का सुरक्षित समाधान संभव है, जिससे कई परिवारों को संतान सुख प्राप्त हुआ है।
जयपुर में मिले इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मान पर छिंदवाड़ा के चिकित्सा समुदाय एवं क्षेत्रवासियों ने डॉ. रश्मि नेमा को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
