धौरहरा रेंज में बिना परमिट आठ आम के पेड़ों की कटाई का आरोप, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल | New India Times

वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

उत्तर खीरी वन प्रभाग की धौरहरा रेंज में अवैध कटान का मामला एक बार फिर सामने आया है। धौरहरा रेंज के कंचनपुर गांव में देशी आम के आठ हरे-भरे फलदार पेड़ों की बिना वैध परमिट के कटाई किए जाने का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, धौरहरा रेंज की सेमरी ग्राम पंचायत के कंचनपुर गांव निवासी हरीश मौर्य पुत्र ज्वाला प्रसाद मौर्य के खेत में लगे देशी आम के पेड़ों को क्षेत्र के शाबान उर्फ पप्पू ने खरीदा था। आरोप है कि बिना वैध अनुमति के इन आठों फलदार पेड़ों की कटाई कर दी गई। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस पूरे मामले में वन विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत रही।

मामले में जब डिप्टी रेंजर अनुज रंजन से संपर्क किया गया तो उन्होंने पहले ऐसी किसी कटाई की जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन बाद में परमिट जारी होने की बात कही। वहीं जिला उद्यान विभाग ने कंचनपुर गांव के लिए इस संबंध में किसी भी प्रकार का परमिट जारी किए जाने से इनकार किया है।

घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों और मीडियाकर्मियों ने धौरहरा रेंजर तथा उत्तर खीरी के डीएफओ से शिकायत की। इसके बावजूद समाचार लिखे जाने तक कोई कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version