कीचड़ और दलदल में तब्दील सड़क बनी मुसीबत: मरीज को अस्पताल ले जाते समय फंसा ऑटो, छात्राओं ने खुद संभाली सड़क मरम्मत की ज़िम्मेदारी | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव जनपद मुख्यालय के अंतर्गत ग्राम पंचायत हनोतिया के ग्राम कच्ची खानी में बारिश के दौरान सड़क की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में इस मार्ग पर कीचड़ और दलदल होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है, लेकिन आज तक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया।

ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात एक मरीज को ऑटो से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में कीचड़ और दलदल के कारण ऑटो बीच सड़क में फंस गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद ऑटो को धक्का लगाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इस दौरान मरीज को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि लगभग दो किलोमीटर लंबा यह मार्ग हर साल बारिश के मौसम में लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है और विकास के दावों की हकीकत भी सामने आ जाती है।

एक नजर इधर भी

सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान स्कूली छात्राओं ने जिम्मेदारों को आईना दिखाते हुए स्वयं फावड़ा और गैंती उठाकर सड़क के किनारे से मिट्टी और गिट्टी निकालकर गड्ढों में डाली, ताकि आने-जाने वाले लोगों को कुछ राहत मिल सके। छात्राओं की यह पहल प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के लिए एक बड़ा संदेश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और स्थायी समाधान करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी परेशानियों से लोगों को निजात मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version