मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से मुलाकात के बाद नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इसी के चलते पार्टी जिले की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठा रही है।
इसी क्रम में मंगलवार को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बुरहानपुर जिले के किसानों, पावरलूम बुनकरों एवं आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम अपर कलेक्टर तपीश कुमार पांडे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्रदेश उपाध्यक्ष शौकत अली के नेतृत्व में दिया गया।
जिला उपाध्यक्ष शंकर पासी ने बताया कि जिले के किसान खाद संकट और फसल नुकसान से परेशान हैं, जबकि पावरलूम उद्योग से जुड़े बुनकर केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
ज्ञापन में प्रमुख चार मांगें रखी गईं— प्राकृतिक आपदा एवं अन्य कारणों से केला उत्पादक किसानों को हुए फसल नुकसान का मुआवजा शीघ्र उनके खातों में प्रदान किया जाए। खाद वितरण की जटिल ई-टोकन व्यवस्था समाप्त कर सरल व्यवस्था लागू की जाए तथा किसानों को बोवनी एवं फसल चक्र के अनुसार समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए।
बुरहानपुर के पावरलूम बुनकरों को केंद्र सरकार की सुरक्षा एवं बीमा योजनाओं का सीधा लाभ दिया जाए, ताकि उनकी सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। साथ ही जिले की जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं डामरीकरण कराया जाए, जिससे किसानों, व्यापारियों और आम नागरिकों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव शकील खान, जितेंद्र रावतोले, जिला उपाध्यक्ष सुलेमान, शादाब अली, मोहम्मद बशीर, वरिष्ठ नेता शकील खान (पत्रकार) सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) किसानों एवं बुनकरों के हितों की रक्षा के लिए उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
