खाद संकट पर गरमाई सियासत: विधायक वीरसिंह भूरिया ने उठाए किसानों के मुद्दे, मंत्री के जवाब पर जताई नाराज़गी | New India Times

रहीम शेरानी हिंदुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

खाद संकट पर गरमाई सियासत: विधायक वीरसिंह भूरिया ने उठाए किसानों के मुद्दे, मंत्री के जवाब पर जताई नाराज़गी | New India Times

थांदला विधानसभा क्षेत्र के विधायक वीरसिंह भूरिया ने मध्य प्रदेश विधानसभा के हालिया सत्र में किसानों को खाद की कमी और ऊंचे दामों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि जिले सहित थांदला क्षेत्र में सहकारी समितियों पर किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल रही है, जबकि खुले बाजार में खाद महंगे दामों पर उपलब्ध है, जिससे किसानों को आर्थिक और मानसिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
इस पर कृषि मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है और सहकारी समितियों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही किसानों के लिए ई-टोकन प्रणाली लागू होने की जानकारी दी, जिसके तहत 24 घंटे टोकन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।
मंत्री के इस जवाब से असंतुष्ट विधायक भूरिया ने सरकार पर किसानों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की कमी और ई-टोकन प्रणाली की तकनीकी खामियों के कारण किसान परेशान हैं और मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर खाद खरीदने को विवश हैं।
वहीं, विधानसभा के मानसून सत्र से पहले प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन कर खाद संकट, फसलों के उचित दाम और ई-टोकन व्यवस्था की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है।
विधायक वीरसिंह भूरिया ने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों के हितों के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नेतृत्व में कर्जमाफी समेत किसानों के लिए किए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए वर्तमान सरकार पर किसानों को नई समस्याओं में उलझाने का आरोप लगाया।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस विधानसभा से लेकर सड़क तक आंदोलन को और तेज करेगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version