अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

बिहार के भागलपुर जिले स्थित एनटीपीसी कहलगांव में सोमवार को नए श्रम संहिताओं (New Labour Codes) के संबंध में जागरूकता एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप श्रमायुक्त सचिन कुमार, सहायक श्रमायुक्त (पाकुड़) पी.जे. तिर्की तथा सहायक श्रमायुक्त (पटना) प्रखर सिंह ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लेकर श्रम कानूनों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंतर्गत दो सत्र आयोजित किए गए। पहले सत्र में विभिन्न संविदाकारों (कॉन्ट्रैक्टर्स) ने भाग लिया, जबकि दूसरे सत्र में एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया गया। दोनों सत्रों में नए श्रम संहिताओं के प्रमुख प्रावधानों, उनके क्रियान्वयन तथा व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान भी सरल और स्पष्ट तरीके से किया गया, जिससे उन्हें नई व्यवस्थाओं की बेहतर समझ प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा एवं महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) मनोरंजन परिडा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख श्री शर्मा ने कहा कि बदलते औद्योगिक परिवेश में नए श्रम कानूनों की सही जानकारी प्रत्येक नियोक्ता, अधिकारी और संविदाकार के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी से इस ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग कर सुरक्षित, अनुशासित और नियमसम्मत कार्य संस्कृति विकसित करने का आह्वान किया।
समापन अवसर पर अतिथियों ने विशेषज्ञ अधिकारियों का मार्गदर्शन देने के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की जानकारी एनटीपीसी कहलगांव के पीआरओ सह प्रबंधक चेव्वाकुला श्रीकांत द्वारा दी गई।
