वी.के. त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

विकास खंड सदर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सलेमपुर कोन स्थित गोविंद नगर कॉलोनी इन दिनों भीषण जलभराव और गंदगी की समस्या से जूझ रही है। सदर ब्लॉक के नजदीक होने के बावजूद क्षेत्र विकास कार्यों से वंचित है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीवन नारकीय हो गया है।
कॉलोनी में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। नालियां चोक होने से सड़कों और रास्तों पर गंदा पानी व कीचड़ जमा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। जलभराव वाले स्थानों पर जहरीले जीव-जंतु पनपने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। बच्चों को गंदे पानी से होकर स्कूल जाना पड़ता है, जिससे वे अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। कई बच्चों की किताबें और ड्रेस खराब हो रही हैं, वहीं कुछ बच्चे डर के कारण स्कूल जाने से भी वंचित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान, सचिव, खंड विकास अधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि भी अब समस्या से मुंह मोड़े हुए हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र जलभराव की समस्या का समाधान कराने, नालियों की सफाई और सड़क निर्माण कराने की मांग की है, ताकि उन्हें इस बदहाल स्थिति से राहत मिल सके।
