राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:

सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम बीना बारहा स्थित हनुमान मंदिर से दो पीतल के घंटे चोरी होने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत पर देवरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश कर रही है।

शिकायतकर्ता संदीप दुबे ने पुलिस को बताया कि 15 जुलाई की शाम तेज बारिश के दौरान तीन युवक मंदिर में बारिश से बचने के लिए रुके थे। इसी दौरान वे मंदिर में लगे दो पीतल के घंटे चोरी कर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
मंदिर के सामने रहने वाले मनोहर लोधी ने तीनों युवकों को मोटरसाइकिल से जाते हुए देखा। घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
एफआईआर में सलमान, हारुन और मनोहर रैकवार को संदेही के रूप में नामजद किया गया है। चोरी हुए दोनों पीतल के घंटों की अनुमानित कीमत करीब 6,500 रुपये बताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
