अहमद रज़ा खान, मिर्ज़ापुर (यूपी), NIT:

आज रविवार 19 जुलाई को जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लखनिया दरी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात ऐसे रहे कि पूरा क्षेत्र किसी बड़े मेले जैसा नज़र आया। छुट्टी का दिन होने के कारण बड़ी संख्या में लोग परिवार और मित्रों के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने पहुंचे।
हालांकि, इस भारी भीड़ के बीच व्यवस्थाओं की कमी भी साफ़ तौर पर देखने को मिली। शाम करीब 4 बजे के बाद प्रशासन की ओर से पर्यटकों को बाहर निकलने का संदेश दिया गया और मुख्य गेट बंद कर दिया गया, लेकिन अंदर मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।

स्थिति यह हो गई कि कई पर्यटक बंद गेट के नीचे से निकलने को मजबूर हुए, जबकि कुछ ने कंटीले तार के ऊपर से निकलकर बाहर आने का जोखिम उठाया। इस दौरान कई लोगों के कपड़े फट गए, कुछ को चोटें आईं और गेट के नीचे से निकलते समय कई लोगों के सिर भी टकरा गए।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि यदि लगातार इतनी बड़ी संख्या में लोग यहां आ रहे हैं, तो सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के बेहतर इंतजाम जरूरी हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से मांग की है कि भविष्य में ऐसी अव्यवस्था न हो, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि पर्यटन स्थल पर आने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
